
नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026। केंद्र सरकार ने कंपनी कानून के तहत कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) नियमों और अनुसूची-7 में बदलाव का प्रस्ताव रखा है। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने इस मसौदे पर हितधारकों से 11 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं। प्रस्तावित नियमों के तहत जहां कई नए क्षेत्रों को सीएसआर गतिविधियों में शामिल करने की बात कही गई है, वहीं कुछ मदों को दायरे से बाहर रखने और निगरानी सख्त करने का प्रावधान किया गया है।
सीएसआर के दायरे में जुड़ने वाले नए क्षेत्र
प्रस्तावित संशोधनों के अनुसार, कंपनियों द्वारा किए जाने वाले सीएसआर कार्यों की सूची का विस्तार करते हुए इनमें मानसिक स्वास्थ्य, टेलीमेडिसिन, करियर काउंसलिंग और पीएम इंटर्नशिप योजना को शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा क्लीन एनर्जी, ई-कचरा सहित अपशिष्ट प्रबंधन, पशु कल्याण, समुद्री संरक्षण और खेल बुनियादी ढांचे से जुड़ी पहलों को भी पात्र गतिविधियों में जोड़ने पर विचार किया गया है।
किन गतिविधियों पर रहेगी रोक?
मसौदे में एकबारगी आयोजनों, सरकारी योजनाओं के वित्तपोषण और कॉरपस फंड में किए जाने वाले योगदान को सीएसआर के दायरे से बाहर रखने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही कंपनियों द्वारा अपने ही उत्पादों को सीएसआर के तहत देने पर भी रोक लगाने की बात कही गई है, हालांकि तत्काल आपदा राहत के मामलों को इससे छूट दी जाएगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, इसका उद्देश्य दिखावे या ब्रांड प्रचार के बजाय जमीनी स्तर पर वास्तविक प्रभाव सुनिश्चित करना है।
क्रियान्वयन एजेंसियों पर सख्त निगरानी
प्रस्तावित नियमों के तहत सीएसआर परियोजनाएं लागू करने वाली एजेंसियों का पंजीकरण रद्द करने की व्यवस्था भी लाई जा रही है। पंजीकरण रद्द होने की स्थिति में संबंधित एजेंसी पर तीन साल तक दोबारा पंजीकरण कराने पर प्रतिबंध लग सकता है। वहीं, भारत में मुख्यालय वाली अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को सीएसआर कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में काम करने की पात्रता देने और कंपनियों को स्वतंत्र प्रभाव आकलन (इम्पैक्ट असेसमेंट) कराने की सुविधा देने का भी प्रस्ताव शामिल है।
मौजूदा नियमों के तहत निर्धारित पात्रता मानदंडों में आने वाली कंपनियों को पिछले तीन वित्तीय वर्षों के औसत शुद्ध लाभ का कम से कम दो प्रतिशत हिस्सा सीएसआर पर खर्च करना अनिवार्य है। मंत्रालय ने सीएसआर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए यह समीक्षा की है।