
जशपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय स्तर के रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। चयनित युवाओं को दिसंबर में बेंगलुरु में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह प्रशिक्षण अमेरिका स्थित प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) की ओर से भारत में रॉक क्लाइंबिंग गतिविधियों से जुड़ी संस्था ROMP के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने पर चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को एडवांस लेवल-2 प्रमाणन मिलने की संभावना है।
इस पहल का उद्देश्य जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं को पेशेवर गाइड के रूप में तैयार करना है। अंतरराष्ट्रीय मानकों का प्रशिक्षण मिलने से क्षेत्र में रॉक क्लाइंबिंग और पर्यटन गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित स्थानीय मानव संसाधन विकसित करने में मदद मिल सकती है।
जशपुर को मध्य भारत में प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों वाली प्रमुख पर्यटन स्थली के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


