छत्तीसगढ़
पेट की आग बुझाने सड़क पर नन्ही बच्ची ने दिखाई जोखिम भरी करतब

बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
गरीबी इंसान से क्या-क्या नहीं कराती। इसकी एक तस्वीर सड़क किनारे उस समय देखने को मिली जब एक नन्हीं बच्ची अपने परिवार की रोजी-रोटी के लिए जान जोखिम में डालकर तरह-तरह के करतब दिखाती नजर आई। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में स्कूल बैग किताबें और खिलौने होने चाहिए,उस उम्र में यह बच्ची सड़क किनारे लोगों की भीड़ के सामने अपनी कला का प्रदर्शन कर रही थी। बच्ची के एक से बढ़कर एक करतब देख राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
नन्ही बच्ची कभी जमीन से ऊपर बंधी रस्सी पर पैर के सहारे संतुलन बनाकर चलती रही तो कभी रस्सी में साइकिल रिंग चलाती नजर आई। साथ ही साथ और अन्य भी कई करतब दिखाएं कि देखने वाले कुछ पल के लिए अपनी नज़रें नहीं हटा सके। नन्हे हाथों और छोटे-छोटे कदमों से वह जोखिम भरे करतबो को बड़ी फुर्ती और सावधानी के साथ पूरी करती रही। सड़क से गुजरने वाले लोग भी अपने कदम को रोक कर बच्ची का हुनर देखने लगे। किसी ने उसके करतबों को देखकर हैरानी जताई तो किसी ने उसकी कला की सराहना की। जिस समय नन्हीं बच्ची सड़क पर अपनी करतब दिखा रही थी उसी समय सड़क से गुजर रहे हमारे इस प्रतिनिधि भी हैरत अँगेज करतब देखने रुक गए। नन्ही बच्ची की कला देख उनकी कला का सराहना और सम्मान करते हुए उन्हें नगद राशि दी गई।
करतब देख तालियां बजी, लेकिन सवाल बचपन की मजबूरी का
बच्ची के करतबों पर लोगों की तालियां तो खूब बजे लेकिन इन तालिया के पीछे छिपी उसकी मजबूरी ने कई सवाल खड़े कर दिए आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियों है जो एक मासूम को इतने छोटी उम्र में अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर कर रही है,जिस उम्र में उसे स्कूल में पढ़ना चाहिए दोस्तों के साथ खेलना चाहिए और बेफिक्र होकर बचपन जीना चाहिए, उस उम्र में वह लोगों के मनोरंजन के लिए अपनी कला का प्रदर्शन कर रही है।