
जशपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए 10 बड़े पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत स्वीकृत इन पुलों के निर्माण पर कुल 31.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मिली इस स्वीकृति से जिले के ग्रामीण और विशेषकर पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में 5 पुलों को मंजूरी
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के वर्ष 2026-27 बैच-1 के तहत जिले में पांच पुलों के निर्माण के लिए 15.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें फरसाबहार विकासखंड के तेलाईन-मोहनटोली मार्ग पर 40 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा।
वहीं कुनकुरी विकासखंड के रानीकोम्बो-चाहतपारा मार्ग पर कपारी नाला में 60 मीटर लंबे पुल का निर्माण होगा। इसके अलावा पत्थलगांव विकासखंड में तीन पुल स्वीकृत किए गए हैं। इनमें पतराटोली-पकरीपारा मार्ग पर भरारी नाला में 60 मीटर, लुडेग सुरंगपानी-बरपानी मार्ग पर 40 मीटर और खरकटा-पंडरीपारा मार्ग पर 32.40 मीटर लंबे पुल का निर्माण शामिल है।
पीएम जनमन योजना से बगीचा को मिलेंगे 5 पुल
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत बगीचा विकासखंड में पांच पुलों के निर्माण के लिए 16.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके तहत डंगरी-दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर, जबला-नवापारा मार्ग पर 30 मीटर, कमरीमा मंझाटोली-खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर मार्ग पर 80 मीटर तथा कुहापानी-बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल बनाए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 375 पुल किए स्वीकृत
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 208 और पीएम जनमन योजना के तहत 167 पुलों को स्वीकृति दी है। इनमें जशपुर जिले के कुल 10 पुल शामिल हैं।
बरसात में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत
इन पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में नालों में पानी बढ़ने के कारण होने वाली आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। सालभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी सहूलियत होगी।
प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद अब तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इन पुलों के निर्माण से जिले के दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
