
रायगढ़। जिले में पेट्रोल पंपों पर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता और निर्धारित नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम के निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर आठ पेट्रोल पंपों का पेट्रोल-डीजल विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर उन्हें सील कर दिया गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंपों में स्वच्छ शौचालय, निःशुल्क हवा भरने की सुविधा, शुद्ध पेयजल सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की कमी सामने आई। संबंधित पंपों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा आशय पत्र (एलओआई) की शर्तों का उल्लंघन भी पाया गया।
कार्रवाई की जद में अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स (अंजोरीपाली, खरसिया), नरेंद्र केएसके (राजपुर), एमएस हेमकुण्ड फ्यूल्स (कुरमापाली, रायगढ़), मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स (जूटमिल, रायगढ़) और बाबा फिलिंग स्टेशन (धरमजयगढ़) शामिल हैं।







शौचालय और स्वच्छता व्यवस्था में मिली कमी
प्रशासन ने पहले ही जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों को नागरिक सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए थे। इनमें महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन और हाइजीन व्यवस्था शामिल थी। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर आवश्यक मानकों का पालन नहीं मिला। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पंपों के खिलाफ कार्रवाई की।
सभी पंपों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
प्रशासन ने तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों को प्रत्येक पंप पर स्वच्छ पेयजल, वाहनों के लिए निःशुल्क हवा, प्राथमिक उपचार पेटी (फर्स्ट एड बॉक्स), शिकायत एवं सुझाव बॉक्स तथा फोन और आपातकालीन संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा सड़क से लगे पेट्रोल पंपों के पहुंच मार्ग (एप्रोच एरिया) में आवश्यक सुधार करने को कहा गया है, ताकि वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। ए-साइट पेट्रोल पंपों में संबंधित तेल कंपनियों और बी-साइट पंपों में डीलर एवं संचालक को शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था करनी होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पेट्रोल पंपों का निरीक्षण और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
