छत्तीसगढ़न्यूज़रायपुर

धान के कटोरे से दुनिया के बाजार तक: छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल की बनेगी वैश्विक पहचान

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

विशेष प्रतिनिधि

बार्सिलोना में खुला छत्तीसगढ़ के कृषि निर्यात का नया द्वार, जीराफूल-जवाफूल-कालीमूंछ को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

रायपुर, 26 नवंबर 2026

धान के कटोरे के रूप में विख्यात छत्तीसगढ़ अब अपने पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। स्पेन के बार्सिलोना में हुई उच्च स्तरीय व्यावसायिक चर्चा से प्रदेश के किसानों, एफपीओ और निर्यातकों के लिए यूरोपीय बाजारों के द्वार खुलने की संभावना मजबूत हुई है।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री  रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ श्री रिकॉर्ड जेप्टरो से मुलाकात की। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त  सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक कृषि  राहुल देव और काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया सुश्री आर्स निसार भी उपस्थित रहीं।

बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच पर विस्तार से चर्चा हुई। फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर प्रदेश के जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि यह संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने का कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बाद अब छत्तीसगढ़ के साथ इस समन्वय से प्रदेश के कृषि उत्पादकों को विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे।

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही पारंपरिक धान किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह चर्चा कृषि निर्यात की संभावनाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

कृषि मंत्री के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को न केवल विदेशी बाजार मिलेगा, बल्कि एक विशिष्ट वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। अंतरराष्ट्रीय विपणन, उच्च गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

Show More
DINESH DUBEY

DINESH DUBEY

REPORTER
Back to top button