छत्तीसगढ़

घरघोड़ा में अतिक्रमण जांच करने गए पटवारी से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दूसरे फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

अतिक्रमण रोकने की समझाइश पर भड़का विवाद

पुलिस के अनुसार, पटवारी हल्का नंबर 08 (ग्राम रायकेरा) में पदस्थ पटवारी शिवानंद गिरी (37 वर्ष), निवासी ग्राम पोरडा ने 24 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के निर्देश पर वे ग्राम तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की जांच करने गए थे, जहां स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।

मौका निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी उक्त शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण करा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य एक-दो दिन रोकने की समझाइश दी और तहसीलदार ने भी फोन पर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा।

मारपीट में भाई भी शामिल, गंभीर धाराओं में केस दर्ज

रिपोर्ट के मुताबिक, जब पटवारी मौके से लौटने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने ग्रामीणों को निर्माण कार्य की जानकारी देने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के व डंडे से हमला कर दिया। इसी बीच उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की। घटना के बाद घरघोड़ा थाने में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

एक आरोपी जेल भेजा गया, दूसरे की तलाश जारी

विवेचना के दौरान 25 नवंबर को पुलिस ने दबिश देकर आरोपी विजय गुप्ता (53 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा (थाना घरघोड़ा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं, फरार आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, शासकीय सेवकों से दुर्व्यवहार करने और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और शासकीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button