
रायगढ़। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के लगभग 5,300 चिन्हित घरों में यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन (ULA) मॉडल के तहत निशुल्क सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जाएंगे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है, वहीं यूएलए मॉडल से इतर अन्य घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को भी योजना का लाभ दिलाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।
वेंडरों, बैंकों और बिजली विभाग के साथ बैठक
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में स्थानीय सोलर वेंडरों, बैंक अधिकारियों और सीएसपीडीसीएल (CSPDCL) के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने, बैंकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने और सोलर संयंत्रों की स्थापना में तेजी लाने को लेकर चर्चा की गई। वेंडरों को अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंचकर समय-सीमा में लक्ष्य के अनुसार काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
2 किलोवाट के संयंत्र पर 90 हजार रुपये तक अनुदान की व्यवस्था
बैठक में जानकारी दी गई कि यूएलए मॉडल के दायरे से बाहर रहने वाले अन्य पात्र घरेलू उपभोक्ता भी स्थानीय वेंडरों के जरिए 2 किलोवाट तक का सोलर रूफटॉप संयंत्र लगवा सकते हैं। इसकी अनुमानित स्थापना लागत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार के निर्धारित प्रावधानों के तहत 2 किलोवाट सिस्टम पर कुल 90 हजार रुपये तक अनुदान मिलने का प्रावधान है, जिससे केंद्र व राज्य की सब्सिडी के बाद प्रभावी लागत शून्य हो जाएगी।
बिजली बिल में राहत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा
इस पहल से घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने का मौका मिलेगा, जिससे बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। जिले में योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन, सीएसपीडीसीएल, बैंकिंग संस्थाओं और स्थानीय सोलर वेंडरों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है।
