छत्तीसगढ़

रायगढ़ में युवती से छेड़खानी व मोबाइल स्टेटस पर फोटो डालकर बदनाम करने का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

रायगढ़। युवती से छेड़खानी करने और उसकी तस्वीर मोबाइल स्टेटस पर लगाकर बदनाम करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अजीत मालाकार (24 वर्ष) को दबिश देकर पकड़ा गया, जो ग्राम सेमरा (पुसौर) का निवासी है और वर्तमान में चांदमारी, सिटी कोतवाली क्षेत्र में रह रहा था।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय पीड़ित युवती ने 27 नवंबर 2026 को महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले से उसकी आरोपी से जान-पहचान थी और बातचीत होती थी, लेकिन परिजनों को जानकारी होने के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा था।

घर पहुंचकर विवाद और स्टेटस पर फोटो डालने का आरोप

पीड़िता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 4 नवंबर 2026 की सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और बातचीत बंद करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए गलत नीयत से उसका हाथ व बांह पकड़कर छेड़खानी की। साथ ही आरोप है कि आरोपी ने उसकी फोटो अपने मोबाइल स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने की कोशिश की।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, पुलिस का संदेश

युवती की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(1)(ii) और 74 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और वैधानिक प्रक्रिया के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत और महिला थाना स्टाफ की भूमिका रही।

इस मामले को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में शिकायत मिलने पर त्वरित और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button