
कुड़ेकेला/रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में 24 घंटे के भीतर दो नर हाथियों की मौत से वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ गई है। एक ओर छाल रेंज के जंगल में बीमार चल रहे नर हाथी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं दूसरी ओर धरमजयगढ़ परिक्षेत्र में हाथी की मौत के मामले में वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड की मदद से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
छाल रेंज में बीमार हाथी ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, छाल रेंज के बनहर जंगल में एक नर हाथी बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ था। शुक्रवार को वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका उपचार शुरू किया था, लेकिन शनिवार देर शाम इलाज के दौरान हाथी की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हाथी शांत स्वभाव का था और आसपास के क्षेत्र में परिचित था।

बरतापाली जंगल में हाथी की मौत के मामले में 4 गिरफ्तार
दूसरी घटना धरमजयगढ़ परिक्षेत्र के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक 437 की है, जहां 27 नवंबर को एक नर हाथी का शव मिला था। वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर जांच अभियान चलाया। स्निफर डॉग से मिले सुरागों के आधार पर टीम ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और कल कोर्ट में पेशी
वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण (POR क्रमांक 14134/12, दिनांक 27 नवंबर 2026) के तहत ग्राम नवागांव निवासी अजय भगत (28 वर्ष), जयानंद भगत (47 वर्ष), राम दयाल सिदार (38 वर्ष) और भगवानो भगत (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और चारों आरोपियों को 29 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
