101 साल की यह महिला करती है खतरनाक जॉब, नहीं होना चाहती रिटायर

जीवन भर नौकरी करते हुए लोग अपने बुढ़ापे में रिटायर हो जाते हैं। वे चाहते हैं कि बुढ़ापे में वे सुकून भरी जिंदगी जिएं और शरीर को आराम दें। लेकिन अमेरिका की 101 साल की एक महिला इस विचार से इत्तेफाक नहीं रखती है। यह महिला इतनी उम्र होने के बावजूद भी खतरनाक जॉब करती है। इतना ही नहीं इस सब के बावजूद भी महिला अभी रिटायर नहीं होना चाहती है।

दरअसल, यह महिला अमेरिका के नॉक्स काउंटी की है। ‘सीबीएस न्यूज’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस महिला का नाम वर्जिनिया ऑलिवर है और यह 101 साल की हैं। ये लंबे समय से समुद्र में झींगा मछली पकड़ने की जॉब करती हैं। हालांकि महिला के साथ एक पूरी टीम काम करती है लेकिन महिला का काम पकड़ी गईं मछलियों को अलग करने का होता है। यह काम बेहद खतरनाक होता है क्योंकि इसमें घायल होने का खतरा बहुत ज्यादा होता है। लेकिन यह महिला बड़ी ही सफाई से यह काम करती हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्जिनिया ऑलिवर जब महज सात साल की थीं, तब से उन्होंने ये काम करना शुरू किया था। इतने साल बाद भी उन्हें ये काम करना अच्छा लगता है और उनका कहना है कि वो मरने तक इस काम को करती रहेंगी। महिला ने बताया कि मैं ये काम तब तक करूंगी जब मैं मर नहीं जाती और मुझे नहीं पता वो दिन कब आएगा। उन्हें अब तक कई बार झींगा मछली ने काटा है जिसके चलते उन्हें कई टांके भी लग चुके हैं लेकिन वे अभी भी अपने काम में लगी हुई हैं।

महिला के अनुभव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वो अपने दो बेटों के साथ ये काम करती है, उनके बेटों की उम्र 78 साल और 79 साल है। उनके बेटों ने बताया कि जब उनकी मां यह काम करना शुरू किया तब इस काम को करने वाली कोई भी महिला नहीं थी। तब इस काम को पुरुषों का काम माना जाता था। लेकिन महिला ने अपने पिता की मदद के लिए उनके साथ ये काम करना शुरू किया था।

फिलहाल महिला बहुत खुश और स्वस्थ हैं, और सबसे बड़ी बात यह कि उन्हें इस काम में बहुत मजा आ रहा है। महिला ने यह भी कहा कि ना ही खुद रिटायर होना चाहती हैं और ना ही अपने बच्चों को रिटायर होने देती हैं। जब उनके बेटे कहते हैं कि वो रिटायर होना चाहते हैं तो वो उन्हें हर बार यही कहती हैं कि अभी नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button