यहा बिक रहा है खास अंगूर, एक गुच्छे की कीमत आठ लाख के पार

कई बार जब किसी चीज की नीलामी होती है तो उसकी कीमत कई गुना ज्यादा लगा दी जाती है जबकि उसकी असल कीमत काफी कम होती है। लेकिन जापान से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक खास किस्म के अंगूर की कीमत इतनी ज्यादा है कि उसके एक गुच्छे की कीमत आठ लाख रुपये से भी अधिक लग जाती है।

दरअसल, बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान के इस अंगूर का नाम रूबी रोमन अंगूर है। यह अंगूर की एक खास किस्म है जो हर जगह नहीं उगाई जा सकती है। इस अंगूर की एक और खासियत यह भी है कि सामान्य अंगूर के दानों की अपेक्षा इसके दाने तीन गुना ज्यादा बड़े होते हैं। ये अंगूर किसी दुकान में भी नहीं मिलते हैं। ये सिर्फ नीलामी के जरिए ही मिलते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में भी इशिकावा प्री फ्रेक्चरल कंपनी के अलावा इसे कोई और नहीं उगाता है क्योंकि ये काफी महंगे होते हैं। इस अंगूर की बिक्री नीलामी द्वारा होती है। लोग इस अंगूर के एक-एक दाने की बोली लगाते हैं। साल 2020 में हुए एक नीलामी में एक अंगूर का गुच्छा 12 हजार अमेरिकन डॉलर यानि भारतीय मुद्रा के मुताबिक आठ लाख रुपये में बिका था।

इस हिसाब से जोड़ा जाए तो 24 दानों वाले एक गुच्छे के इस अंगूर में एक दाने की कीमत तीस हजार रुपये लगाई गई थी। इस अंगूर की कीमत इतनी ज्यादा क्यों है, इस पर हमेशा सवाल उठते हैं। लेकिन यह दुनिया में पाया जाने वाला सबसे अलग अंगूर है, इसके दानों के बराबर कोई दूसरा अंगूर नहीं होता है। यह शायद ही किसी और देश में पाया जाता हो।

फिलहाल यह फल इन दिनों एक बार फिर चर्चा में है क्योंकि इसकी बोली लगने वाली है। रूबी रोमन अंगूर के अलावा जापान में और भी कई महंगे फल हैं। पिछले कुछ सालों में दुनिया के सबसे महंगे आम भी जापान में ही पाए गए। यहां का मियाजाकी आम भी काफी फेमस है। इसका एक किलो आम ढाई लाख रुपये का मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button