
छुरिया । सरस्वती शिशु मंदिर छुरिया में कक्षा द्वादश के भैया-बहनों के लिए भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री स्वप्निल पटेल सदस्य सरस्वती शिशु मंदिर समिति एवं पूर्व छात्र तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मोहनलाल साहू पूर्व छात्र उपस्थित रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री बृजमोहन साहू ने की, वहीं प्रधानाचार्य श्री लोकराम साहू विशेष रूप से मंचासीन रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता एवं पवित्र ॐ के समक्ष पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इसके पश्चात सरस्वती वंदना, अतिथि परिचय एवं स्वागत कार्यक्रम संपन्न हुआ।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बृजमोहन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा द्वादश के भैया-बहनों ने विद्यालय से जो शिक्षा एवं संस्कार ग्रहण किए हैं, उन्हें जीवनभर बनाए रखना ही विद्यालयीन शिक्षा की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि परोपकार, सदाचार एवं इंसानियत को कभी नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि इंसानियत से ही मानवता के प्रति प्रेम जागृत होता है।
साथ ही समाज सेवा एवं अपनी संस्कृति के प्रति निष्ठावान बने रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की।मुख्य अतिथि श्री स्वप्निल पटेल ने कक्षा द्वादश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे स्कूली शिक्षा पूर्ण कर महाविद्यालयीन उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जहां सफलता प्राप्त करने के लिए सतत परिश्रम और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि श्री मोहनलाल साहू एवं प्रधानाचार्य श्री लोकराम साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बहन वंदना यादव ने भी कक्षा द्वादश के भैया-बहनों के लिए शुभकामना संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान कक्षा द्वादश के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। समारोह में कक्षा एकादश एवं द्वादश के विद्यार्थी, साथ ही विद्यालय के समस्त आचार्य एवं दीदियां उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन कुमारी पूर्वी यादव एवं गीतिका कुरेती द्वारा किया गया।




