बिलासपुर में कांग्रेस नेता के बेटे पर जानलेवा हमला, चाकूबाजी से मचा हड़कंप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई और हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

ऑडिटोरियम के पास हुई वारदात

मारपीट और चाकूबाजी की यह घटना लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम के पास हुई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सार्वजनिक और व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

भेल खाने पहुंचे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास का बेटा आदित्य श्रीवास अपने दो दोस्तों के साथ ऑडिटोरियम के पास भेल खाने गया था। वहां पहले से मौजूद युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता, निखिल नागवानी और एक अन्य युवक भी मौजूद थे। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में आदित्य श्रीवास और उसके दोनों दोस्त घायल हो गए। घटना के बाद साथियों ने आदित्य को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।

पुरानी रंजिश बनी वजह

सूत्रों के अनुसार, आदित्य और युग-वेदांत गुट के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। पहले कोनी क्षेत्र और बाद में राजेंद्र चौक में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं सामने आई थीं। हालांकि, इस बार विवाद ने गंभीर और खूनी रूप ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button