मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू, एक कॉल पर दर्ज होगी शिकायत; महानदी भवन से सीएम साय ने किया शुभारंभ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इसके साथ ही हेल्पलाइन का लोगो भी जारी किया गया। राज्य सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव और जनहित से जुड़े मुद्दे सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना और उसका निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सरकार के अनुसार हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। नागरिक विकास योजनाओं और नीतियों से जुड़े सुझाव भी इस मंच के माध्यम से दे सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रियाओं से एक स्थायी एवं प्रभावी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता महसूस हुई थी। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को विकसित किया गया है, ताकि आम लोगों और शासन के बीच संवाद को और मजबूत बनाया जा सके।
राज्य सरकार का मानना है कि नई हेल्पलाइन व्यवस्था से शिकायत निवारण प्रणाली अधिक प्रभावी होगी और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

