खरसिया में बीजेपी नेता के पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े बड़ी चोरी, शातिर आरोपी 2.18 लाख नगद ले उड़ा

दिनदहाड़े सुनियोजित वारदात, CCTV में कैद

रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े 2 लाख 18 हजार रुपए की चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी ने पूरी प्लानिंग के साथ कर्मचारी को काउंटर से दूर हटाया और फिर नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है।

बीजेपी नेता के परिवार का है पेट्रोल पंप

जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा निवासी बीजेपी जिला पंचायत अध्यक्ष के पति रविन्द्र गबेल बरगढ़ के पास एनएच-49 पर पेट्रोल पंप संचालित करते हैं। घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

फोन-पे का झांसा देकर कर्मचारी को हटाया

स्कूटी सवार एक अज्ञात युवक पेट्रोल पंप पहुंचा और वहां कार्यरत कर्मचारी राजेश साहू से कहा कि उसने रात में फोन-पे से पैसे भेजे थे और अब वह राशि वापस चाहिए। जब कर्मचारी ने रिकॉर्ड में ऐसा कोई ट्रांजैक्शन न होने की बात कही, तो आरोपी ने बहाने से उसे अपने साथ रोड किनारे खड़ी गाड़ी तक चलने को कहा।

काउंटर खाली होते ही दराज साफ

राजेश साहू जैसे ही आरोपी के साथ स्कूटी में बैठकर सड़क तक गया, आरोपी ने उसे वहीं छोड़ दिया और अकेले पेट्रोल पंप लौट आया। काउंटर खाली देखकर आरोपी ने दराज खोली और उसमें रखे पूरे 2 लाख 18 हजार रुपए उठाकर फरार हो गया।

महिला कर्मचारी ने रोकने की कोशिश, आरोपी फरार

वारदात के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद एक महिला कर्मचारी ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज रफ्तार में स्कूटी लेकर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को नकदी निकालते और मौके से निकलते साफ देखा जा सकता है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

पेट्रोल पंप संचालक रविन्द्र गबेल ने बताया कि आरोपी की उम्र करीब 45–47 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button