रायगढ़ में मत्स्य विभाग कार्यालय में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका


दमकल की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना, फर्नीचर और फाइलें जलकर खाक

रायगढ़। शहर के छोटे अतरमुड़ा स्थित मत्स्य पालन विभाग के कार्यालय में रविवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक कार्यालय में रखी महत्वपूर्ण फाइलें, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी। आगजनी से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

शाम 5 बजे उठे धुएं से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5 बजे जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय से अचानक तेज धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य कार्यालयों और रिहायशी इलाकों में आग फैलने से बचाव हुआ और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

आग की सूचना पर चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और एहतियातन लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया।

प्राथमिक जांच में कचरे से आग लगने की आशंका

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण कचरे में आग लगना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button