दिल्ली के उत्तम नगर में भीषण आग, 300 से 400 झुग्गियां जलकर खाक

नई दिल्ली, 13 मार्च: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार देर रात झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से लगभग 300 से 400 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार रात करीब 11:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत 23 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि आग पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र के मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट के पास झुग्गी बस्ती में लगी थी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

गुरुवार सुबह घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आईं, उनमें बड़े पैमाने पर तबाही दिखाई दी। पूरी झुग्गी बस्ती राख में तब्दील हो गई है और कई परिवारों का सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button