प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला में संपन्न हुई जीवन दीप समिति की बैठक

धन, श्रम या सहयोग—हर प्रयास मरीज के जीवन में ला सकता है बड़ा बदलाव : संजय सिन्हा

छुरिया । छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत बुचाटोला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवन दीप समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल भाजपा छुरिया के अध्यक्ष खिलेश्वर साहू ने की। वहीं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश भगत एवं चिकित्सक डॉ. दिग्विजय शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक के प्रारंभ में डॉ. दिग्विजय शर्मा ने जीवन दीप समिति के अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने उपस्थित समिति सदस्यों एवं अस्पताल के कार्यरत स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन दीप समिति केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानव सेवा का जीवंत प्रतीक है। यह समिति जरूरतमंद और गरीब मरीजों के जीवन में आशा की किरण बनकर सामने आती है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल वह स्थान होता है जहाँ इंसान जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करता है। ऐसे कठिन समय में यदि मरीज को प्रेम, सहयोग और सहानुभूति मिले तो उसका आत्मबल कई गुना बढ़ जाता है। जीवन दीप समिति निरंतर इसी उद्देश्य से कार्य कर रही है, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है। श्री सिन्हा ने कहा कि हम सभी का यह दायित्व है कि सेवा कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, चाहे वह धन के रूप में हो, श्रम के रूप में या सहयोग के रूप में। छोटा सा प्रयास भी किसी मरीज के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

बैठक के दौरान समिति द्वारा आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसके साथ ही दवाइयों सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण एवं सामग्री की खरीदी के प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं अस्पताल परिसर में आहाता निर्माण एवं भवन की छत में बारिश के दौरान हो रहे सीपेज की समस्या की जानकारी सदस्यों को दी गई। इस पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।

जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था की सराहना भी की। बैठक के अंत में जीवन दीप समिति द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर जनपद सदस्य ऊभे राम मंडावी, सरपंच अलेंद्र चंद्रवंशी, सचिव गणेश साहू, मेश्राम, ललिता चंद्रवंशी, थामबाई चंद्रवंशी, रामकुमार मंडावी सहित पंचायत के पंचगण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button