
तमनार के हुंकराडिपा चौक के पास केलो नदी पुल पर हुआ भीषण हादसा, पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़, 7 जुलाई 2025। तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा सोमवार शाम लगभग 4 बजे हुंकराडिपा चौक के पास केलो नदी पुल पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मचा हड़कंप, स्थानीयों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। घटनास्थल पर पहुंची तमनार पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पहचान हुई – मृतक कोगनारा का रहने वाला, घायल भी उसी गांव का
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान धनेश्वर राठिया पिता मोती राठिया (उम्र 18 वर्ष), निवासी कोगनारा थाना घरघोड़ा के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक का नाम गोलू राठिया पिता विजय राठिया (उम्र 19 वर्ष), निवासी कोगनारा थाना घरघोड़ा बताया गया है। घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। केलो पुल पर लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।