
नई दिल्ली: अभिनेत्री संदीपा विर्क करीब चार महीने बाद तिहाड़ जेल से बाहर आ गई हैं। उन्हें 6 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में Enforcement Directorate (ED) ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया था।
दिल्ली हाई कोर्ट ने 27 दिसंबर 2025 को उन्हें जमानत दे दी। मामला वर्ष 2008 से 2013 के बीच का बताया जा रहा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि फिल्म में लीड रोल दिलाने के नाम पर 6 करोड़ रुपये निवेश कराए गए थे। ED के अनुसार, उक्त राशि संदीपा के खाते के जरिए आगे ट्रांसफर की गई और उससे संपत्ति खरीदी गई।
“तिहाड़ जेल सबसे बड़े दुश्मन को भी न भेजूं”
संदीपा विर्क ने हाल ही में सिमरन जोत मक्कर से बातचीत में तिहाड़ जेल में बिताए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा,
“तिहाड़ जेल एक ऐसी जगह है जहां मैं अपने सबसे बड़े दुश्मन को भी नहीं भेजना चाहूंगी। जब मैं पहली बार वहां गई, तो मैंने भगवान से कहा कि मैं इसके लायक नहीं हूं।”
उन्होंने बताया कि जेल के हालात उनके लिए बेहद कठिन थे।
“तिहाड़ के अंदर 500-600 लोगों के साथ रहना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। मेरी तबीयत इतनी खराब हो गई थी कि मैं बिना सहारे के खड़ी भी नहीं हो सकती थी।”
संदीपा ने जेल के वॉशरूम और रहने की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि जमीन पर सोना पड़ता था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब भी वह उस समय को याद करती हैं, तो रो पड़ती हैं और सोचती हैं कि यह सब उनके साथ क्यों हुआ।




