
देश में पेट्रोल-डीजल और LPG की पर्याप्त आपूर्ति, अफवाहों से बचने की अपील
नई दिल्ली – Ministry of Petroleum and Natural Gas ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है। देशभर के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।
60 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
मंत्रालय के अनुसार भारत के पास वर्तमान में करीब 60 दिनों का कच्चे तेल का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि कुल भंडारण क्षमता लगभग 74 दिनों की है। ऐसे में ईंधन संकट की खबरें पूरी तरह भ्रामक बताई गई हैं।
1 लाख से अधिक पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित
देशभर के 1 लाख से अधिक पेट्रोल पंप बिना किसी रुकावट के खुले हैं और कहीं भी राशनिंग लागू नहीं की गई है। कुछ स्थानों पर घबराहट में ईंधन की ज्यादा खरीदारी जरूर देखी गई, जिसे सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों का असर बताया गया है।
कच्चे तेल की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित
होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी परिस्थितियों के बावजूद भारत को 40 से अधिक देशों से लगातार कच्चे तेल की आपूर्ति मिल रही है। सभी रिफाइनरियां 100% से अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं और सप्लाई पूरी तरह संतुलित बनी हुई है।
एलपीजी उत्पादन में 40% वृद्धि
एलपीजी को लेकर भी स्थिति सामान्य है।
- घरेलू उत्पादन बढ़कर करीब 50 टीएमटी प्रतिदिन हो गया है
- कुल जरूरत लगभग 80 टीएमटी है
- आयात की आवश्यकता घटकर 30 टीएमटी रह गई है
अमेरिका, रूस और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से 800 टीएमटी एलपीजी की आपूर्ति पहले ही तय की जा चुकी है। तेल कंपनियां रोजाना 50 लाख से ज्यादा सिलेंडर वितरित कर रही हैं।
PNG को बढ़ावा, दीर्घकालिक रणनीति
पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल विकल्प के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह किसी संकट का संकेत नहीं, बल्कि दीर्घकालिक ऊर्जा नीति का हिस्सा है।
सरकार की सख्त चेतावनी
मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को लेकर चेतावनी दी है। गलत जानकारी फैलाने को कानूनन अपराध बताया गया है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
नागरिकों से अपील
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।
