
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल : कई आईएएस अधिकारियों के प्रभार व पदस्थापना में बदलाव
रायपुर। राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर आईएएस अधिकारियों के पदस्थापन और प्रभार में बदलाव किए हैं। नवीन आदेशों के अनुसार अनेक वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।
मुख्य बदलाव —
1. किरण कौशल को सचिव मंत्रालय की जिम्मेदारी
एमडी मार्कफेड और अतिरिक्त प्रभार एमडी नागरिक आपूर्ति निगम का दायित्व संभाल रहीं आईएएस किरण कौशल को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक सचिव, मंत्रालय पद पर पदस्थ किया गया है।
2. पदुम सिंह एल्मा को दो महत्वपूर्ण प्रभार
महिला एवं बाल विकास संचालक तथा अतिरिक्त प्रभार एमडी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पद पर कार्यरत आईएएस पदुम सिंह एल्मा को अस्थायी रूप से एमडी, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही उन्हें एमडी, छग बेवरेजेस कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
उनके कार्यभार ग्रहण करने पर आईएएस आर. संगीता, सचिव वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग, अब केवल एमडी, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पद पर रहेंगी तथा उन्हें बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
3. संजीव कुमार झा को स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी
समग्र शिक्षा संचालक और अतिरिक्त प्रभार एमडी, पाठ्य पुस्तक निगम संभाल रहे आईएएस संजीव कुमार झा को अस्थायी रूप से संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं पद पर पदस्थ किया गया है।
साथ ही उन्हें एमडी, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NRHM) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
4. जितेंद्र कुमार शुक्ला को मार्कफेड का दायित्व
जल जीवन मिशन के मिशन संचालक आईएएस जितेंद्र कुमार शुक्ला को अस्थायी रूप से एमडी, मार्कफेड नियुक्त किया गया है। वे अपने पुराने पद मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी जारी रखेंगे।
5. रितेश कुमार अग्रवाल को चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार
एमडी, छग मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन रायपुर के रूप में कार्यरत आईएएस रितेश कुमार अग्रवाल को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
6. इफ्फत आरा को विशेष सचिव, राजस्व
अपर संभागीय आयुक्त (रायपुर व दुर्ग संभाग) आईएएस इफ्फत आरा को अस्थायी रूप से विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें एमडी, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
7. संतन देवी जांगड़े को आयुष विभाग का प्रभार
संयुक्त सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग आईएएस संतन देवी जांगड़े को उनके वर्तमान कार्यों के अतिरिक्त संचालक, आयुष का प्रभार सौंपा गया है।
8. सुखनाथ अहिरवार का स्थायी पदस्थापन
छग राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में सेवारत आईएएस सुखनाथ अहिरवार को अस्थायी रूप से संयुक्त सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
