
तकनीकी खराबी के चलते एयर इंडिया की लंदन फ्लाइट दिल्ली लौटी, 7 घंटे हवा में रहने के बाद लिया यू-टर्न
नई दिल्ली – Air India की लंदन जा रही फ्लाइट AI-111 गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौट आई। विमान करीब 7 घंटे तक हवा में रहने के बाद सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा।
सऊदी एयरस्पेस में लिया यू-टर्न
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट सुबह 6:13 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। Flightradar24 के डेटा के मुताबिक विमान ने लगभग 3300 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में यू-टर्न लिया और दोपहर करीब 1:20 बजे दिल्ली लौट आया।
Airbus A350 विमान से हो रही थी उड़ान
यह उड़ान Airbus A350-900 विमान से संचालित की जा रही थी। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के दौरान संभावित तकनीकी समस्या के संकेत मिलने पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वापस लौटने का निर्णय लिया गया।
विमान में सुनाई दीं अजीब आवाजें
सूत्रों के अनुसार, सऊदी हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान विमान के अंदर से असामान्य आवाजें आने की सूचना मिली। इसके बाद एहतियातन फ्लाइट को वापस मोड़ दिया गया।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि उन्हें जल्द से जल्द लंदन भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल विमान की गहन तकनीकी जांच जारी है।
पहले भी आ चुकी है ऐसी समस्या
गौरतलब है कि इससे पहले 15 मार्च को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी के चलते विमान को आयरलैंड के शैनन शहर में डायवर्ट करना पड़ा था।
