रायगढ़ में ‘‘अल्फा क्लासिक्स’’ फिटनेस एक्सपो: 25 लाख रुपये के इनाम के साथ बॉडी बिल्डिंग चैंपियंस का धमाका

जीवर्धन चौहान, शशि मोहन और रामचन्द्र शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ छत्तीसगढ़ का सबसे भव्य फिटनेस इवेंट

रायगढ़ – नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ का सबसे भव्य फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग एक्सपो ‘‘अल्फा क्लासिक्स’’ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश-विदेश के दिग्गज बॉडी बिल्डर्स ने अपनी कड़ी मेहनत और शानदार पोज़ के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


आयोजकों और टीम की मेहनत से बना आयोजन यादगार

इस विशाल आयोजन को ‘‘आगाज़ – एक नई पहल संस्था’’ और टीम अल्फा क्लासिक्स के अथक प्रयास से सफल बनाया गया। आयोजन समिति में प्रमुख योगदान देने वालों में मोनिका इजदार, राजेंद्र साहू, प्रकाश जायसवाल, जय चौहान और लकी राठौर शामिल रहे। वहीं टीम अल्फा क्लासिक्स के सुमित इजदार, विजय चौहान और उनकी पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत कर इवेंट को छत्तीसगढ़ के फिटनेस प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय बना दिया।


मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जिन्होंने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। विशिष्ट अतिथि एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि खेलकूद आयोजनों से बच्चों को सही दिशा में मार्गदर्शन मिलता है और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखा जा सकता है। वरिष्ठ पत्रकार और जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामचन्द्र शर्मा ने बच्चों और युवाओं को खेलकूद के माध्यम से निराशा और नकारात्मक प्रवृत्तियों से बचाने पर जोर दिया।


25 लाख रुपये की इनामी राशि और दिग्गज जजों की मौजूदगी

इस प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए 25 लाख रुपये तक की इनामी राशि रखी गई थी। विजेताओं का चयन फिटनेस इंडस्ट्री के प्रसिद्ध जजों— अफरोज खान, संलाप साहा, जाह्नवी पांडव, विद्या साल्वे और अमित कुमार भुइयां द्वारा किया गया।


रायगढ़ में फिटनेस का नया रिकॉर्ड

1 मार्च को दोपहर 1:00 बजे से शुरू हुए इस महाकुंभ में रायगढ़ के फिटनेस प्रेमियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। आयोजकों ने बताया कि ‘‘अल्फा क्लासिक्स’’ ने छत्तीसगढ़ में फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में एक नया बेंचमार्क स्थापित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button