
IDF और ISA की संयुक्त कार्रवाई में हमास और इस्लामिक जिहाद के शीर्ष कमांडर ढेर
सीजफायर के उल्लंघन के बाद इजरायल ने हमास के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए गाजा में एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन को इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (ISA) ने मिलकर अंजाम दिया।
अल‑हबील सेल बना मुख्य निशाना
इस संयुक्त अभियान में हमास के अल‑हबील सेल को टारगेट किया गया। हमले में हमास कमांडर मोहम्मद अल‑हबील मारा गया, जिस पर इजरायली महिला सैनिक नोआ मार्सियानो की कैद के दौरान हत्या का गंभीर आरोप था।
इस्लामिक जिहाद का उत्तरी गाजा कमांडर भी मारा गया
एयरस्ट्राइक में इस्लामिक जिहाद संगठन के वरिष्ठ नेता अली राजियाना की भी मौत हो गई। राजियाना की पहचान उत्तरी गाजा ब्रिगेड में संगठन के प्रमुख कमांडर के रूप में की जाती थी।
7 अक्टूबर को हुआ था नोआ मार्सियानो का अपहरण
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को हुए हमले के दौरान इजरायली सेना की ऑब्जर्वर कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो को नाहल ओज़ पोस्ट से अगवा कर लिया गया था। बाद में उनकी कैद में हत्या की पुष्टि हुई, जिससे इजरायल में गहरा आक्रोश फैल गया था।
बदले की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है हमला
नोआ मार्सियानो की हत्या के बाद से इजरायली सेना और आम नागरिकों में भारी गुस्सा था। हालिया एयरस्ट्राइक को उसी के जवाब और बदले की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।




