
Bhilai News: भिलाई में एएसआइ के बेटे ने पहले आरक्षक के साथ पी शराब, फिर विवाद होने पर चाकू से किया हमला
Bhilai News: भिलाई के पाटन एसडीओपी के स्क्वाड में शामिल एक एएसआइ के बेटे ने उतई थाना में पदस्थ एक सिपाही पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल सिपाही को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं भिलाई नगर पुलिस ने एएसआइ के आरोपित बेटे के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी कर ली है। अभी तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पुलिस उसे फरार बता रही है।
जानकारी के अनुसार उतई थाना में पदस्थ सिपाही ताम्रध्वज चंद्राकर (30) को एएसआइ चंद्रशेखर सोनी के बेटे सोनू सोनी (28) ने चाकू मारा है। पीड़ित सिपाही बुधवार की रात को ड्यूटी से वापस अपने घर सेक्टर-6 लौट रहा था। वो रात में करीब 10:30 बजे सिविक सेंटर में रुका था।
इसी दौरान आरोपित सोनू सोनी भी वहां पर पहुंचा और दोनों के बीच बहस शुुरू हो गई। सिपाही ताम्रध्वज चंद्राकर ने भिलाई नगर पुलिस को इसकी जानकारी दी तो थाना की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची और आरोपित को समझाकर उसके घर छोड़ा था।
इसके कुछ देर बाद आरोपित सोनू सोनी ने पीड़ित सिपाही को फोन किया तब सिपाही ने बात करने के लिए उसे सिविक सेंटर में ही बुला लिया। वहां पर दोनों ने पहले एक साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हुआ और आवेश में आकर आरोपित सोनू सोनी ने उसके जांघ में चाकू मार दिया।
पीड़ित सिपाही ने अपने परिवार वालों और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद उसे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उक्त घटना रात करीब डेढ़ बजे के आसपास की है। भिलाई नगर पुलिस आरोपित सोनू सोनी की तलाश कर रही है। अभी तक घटना का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है।
आरोपित के पिता भी उतई थाना में थे पदस्थ
यहां उल्लेखनीय है कि आरोपित के पिता एएसआइ चंद्रशेखर सोनी करीब छह महीने पहले तक उतई थाना में ही पदस्थ थे। उतई थाना से उन्हें लाइन भेजा गया था। जिसके बाद उन्हें पाटन एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने अपनी स्क्वाड में शामिल कर लिया था। वर्तमान में एएसआइ चंद्रशेखर सोनी पाटन एसडीओपी की स्क्वाड में शामिल हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि एएसआइ चंद्रशेखर सोनी लंबे समय तक क्राइम ब्रांच और शहरी क्षेत्र के थानों में भी रहे हैं।
भिलाई नगर थाना के टीआइ राजेश साहू ने कहा, इस मामले में आरोपित सोनू सोनी के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी की गई है। आरोपित अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।