
मिसरोद इलाके की घटना। शातिर ठगों ने चमकाने के नाम पर वृद्धा से चेन ली, एक घोल में डाली और झांसा देकर गायब कर दी।
राजधानी में एक बार फिर शातिर ठग सक्रिय हो गए हैं। ऐसे शातिर ठग गहने चमकाने के नाम पर घर पर आते हैं और अकेली महिलाओं को देखकर सस्ते दामों गहने चमकाने का झांसा देकर उनके जेवरात लेकर चंपत हो जाते हैं। ताजा मामला मिसरोद इलाके में सामने आया है, जहां एक वृद्धा को निशाना बनाकर आरोपित सोने की चेन लेकर रफूचक्कर हो गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले तो दो आरोपित नजर आ गए हैं।
मिसरोद पुलिस के मुताबिक मधुबन बिहार कालोनी निवासी 65 वर्षीय प्रमिला आचार्य पति दीनदयाल गृहणी हैं। उनके पति शासकीय अधिकारी रहे हैं। मंगलवार को सुबह प्रमिला आचार्य अपने घर पर अकेली थी। उनके पति और बच्चे बाहर गए थे। उसी समय दो लोग उनके घर पर पहुंचे और उनके दरवाजे पर लगी घंटी बजाई। प्रमिला ने घर से बाहर आकर उनसे बात की तो दोनों ने जेवर साफ करने वालों के रूप में अपना परिचय दिया। प्रमिला ने पहले मना किया, लेकिन आरोपितों ने उन्हें अपने झांसे में लेने के लिए उनको बेहद मेहनताने में गहने नए करने का झांसा दिया तो वह तैयार हो गई। महिला ने एक सोने की चेन उनको लाकर दी। इस दौरान दोनों युवक एक बर्तन में उस सोने की चेन को चमकाने में लग गए । थोड़ी ही देर में आरोपितों ने महिला से पीने के लिए पानी मांगा, दोनों के महिला पानी लेने घर के अंदर गई तो आरोपित ने उनको एक बर्तन पानी का घोल दिया और कहा कि इसमें चेन है। उसमें से उसे निकालकर पहन लेना। यह कहकर दोनों आरोपित चले गए। बाद में जब महिला ने बर्तन में चेन को देखा तो वह नहीं मिली। महिला ने आस-पड़ोस में आरोपितों को काफी तलाशा, लेकिन वे नहीं मिले। बाद में इस पूरे मामले की शिकायत महिला ने पुलिस में की। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।



