छत्तीसगढ़बीजापुर

बीजापुर: नक्सलियों के 3 डंप बरामद, 136 BGL सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादी सामग्री के तीन डंप बरामद किए हैं। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान कुल 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य सामग्री जब्त की गई।

पामेड़ क्षेत्र में 103 बीजीएल सेल बरामद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), डॉग स्क्वाड (K-9) और 208वीं कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी।

तलाशी के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। यहां से 103 बीजीएल सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।

गंगालूर क्षेत्र में दो डंप से सामग्री जब्त

इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सर्च अभियान चलाया गया। इसमें सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड की टीम शामिल रही।

अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए दो डंप बरामद किए गए। इनसे 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।

पामेड़ और गंगालूर थानों में वैधानिक कार्रवाई

दोनों क्षेत्रों में बरामद सामग्री के संबंध में थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया था।

इस कार्रवाई में बरामद सामग्री की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया संबंधित थानों में जारी है।

Show More
Back to top button