बीजापुर : माओवादी संगठन ने जारी किया पर्चा, देवजी की गिरफ्तारी की पुष्टि – 30 नवंबर को भारत बंद का ऐलान

बीजापुर में नक्सलियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प नाम से एक नया पर्चा सामने आया है। इसमें माओवादी संगठन ने अपने वरिष्ठ लीडर देवजी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए दावा किया है कि आंध्र प्रदेश पुलिस ने देवजी के साथ 50 अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है। पर्चे में पुलिस से मांग की गई है कि सभी गिरफ्तार साथियों को जल्द से जल्द कोर्ट में पेश किया जाए।

अल्लूरी जिले की मुठभेड़ को बताया फर्जी
नक्सलियों ने 18 और 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सितारामा राजू जिले में हुई मुठभेड़ को मनगढ़ंत बताते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस ने नकली मुठभेड़ की कहानी गढ़ी। दावा किया गया है कि इस दौरान हिड़मा सहित 14 माओवादी कार्यकर्ताओं को पकड़कर मार दिया गया। इसी के विरोध में माओवादी संगठन ने 30 नवंबर को भारत बंद घोषित किया है।

आवश्यक सेवाओं को बंद से छूट
जारी पर्चे में नक्सलियों ने कहा है कि बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस, और दूध की सप्लाई देने वाले वाहनों को छूट दी जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कोसा दादा और राजू दादा की भी हत्या की गई है।

सरेंडर की अपील – बस्तर IG की प्रतिक्रिया
इस बीच बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने एक बार फिर माओवादियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हालात तेजी से बदल रहे हैं और माओवादियों के पास समय रहते आत्मसमर्पण करने का ही विकल्प बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button