बिलासपुर। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के रूप में करीब दो वर्षों तक सेवाएं देने के बाद रामगोपाल करियारे का स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटघोरा, जिला कोरबा के पद पर किया गया है। बिलासपुर से रिलीव होने से पहले उन्होंने पत्रकारों और मीडिया साथियों के नाम संदेश साझा करते हुए शहर के प्रति अपना लगाव जाहिर किया। संदेश के अंत में उन्होंने लिखा— “I Love Bilaspur ❤️”
अपने संदेश में करियारे ने बिलासपुर के गणमान्य नागरिकों, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथियों, स्वयंसेवी एवं नागरिक संगठनों, पुलिस सहयोगियों तथा शैक्षणिक, व्यावसायिक और आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी का सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन मिला, जिससे वे यातायात प्रबंधन से जुड़े दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ कर सके।
यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर रहा जोर
करीब दो साल के कार्यकाल में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात पुलिस तथा आम नागरिकों के बीच समन्वय मजबूत करने पर उनका ध्यान रहा। शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव और विभिन्न आयोजनों के दौरान यातायात नियंत्रित रखना चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी रही। इस दौरान यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता और व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए।
पत्रकारों और शहरवासियों का जताया आभार
करियारे ने कहा कि बिलासपुर में उन्हें केवल कार्य करने का अवसर ही नहीं मिला, बल्कि शहर के लोगों से आत्मीयता, स्नेह और मार्गदर्शन भी मिला। उन्होंने पत्रकारों, नागरिक संगठनों, पुलिस सहयोगियों और शहरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा आगे भी सभी का प्रेम और स्नेह बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
कटघोरा में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे करियारे के संदेश में बिलासपुर के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव साफ नजर आया। “I Love Bilaspur” कहकर उन्होंने न्यायधानी से मिली आत्मीयता को यादगार बताया।