छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर : नामी होटलों और रेस्टोरेंटों पर खाद्य विभाग की दबिश, कई जगह मिलीं खामियां; नमूने जब्त

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
बिलासपुर, 20 नवंबर 2026। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को शहर के नामी होटलों और रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण किया। “सुरक्षित आहार हमर अधिकार” अभियान के तहत की गई इस जांच में रसोई की स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखी गई। खामियां मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई है, जबकि कुछ जगहों से विधिक नमूने जब्त किए गए हैं।

नामी होटलों से लिए गए विधिक नमूने

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर के निर्देश पर उपसंचालक डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने होटल ईस्ट पार्क, होटल ग्रैंड अंबा, होटल सिल्वर ओक और दावते दिल्ली की दोनों शाखाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल ईस्ट पार्क से वेज ग्रेवी व पनीर और होटल ग्रैंड अंबा से टोमैटो ग्रेवी व हल्दी पाउडर के विधिक नमूने लिए गए। वहीं, ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा अभिहित अधिकारी से की गई है।

भंडारण और स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश

दावते दिल्ली की शिव टॉकीज रोड और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित शाखाओं में खाद्य सामग्री के वैज्ञानिक भंडारण के लिए FIFO (पहले आया, पहले उपयोग) प्रणाली का पालन करने तथा रसोई कर्मचारियों के लिए हेड कैप और ग्लव्स पहनना अनिवार्य किया गया। इसके अलावा मोपका क्षेत्र के डाउन टाउन, गुलमोहर रेस्टोरेंट और नेहरू चौक स्थित पौष्टिकम की भी जांच की गई, जहां डाउन टाउन में कमियां मिलने पर सुधार सूचना की अनुशंसा की गई।

अखबार के उपयोग पर रोक, प्रमाण पत्र अनिवार्य

विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य सामग्री के संपर्क में अखबार का उपयोग पूरी तरह बंद करने, ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने और स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन संस्थानों के पास पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं थे, उन्हें तत्काल दस्तावेज तैयार कराने को कहा गया है। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिशा मरावी और प्रतीक तिवारी शामिल रहे।
Show More
ANIL SHUKLA

ANIL SHUKLA

REPORTER

◾जिलाध्यक्ष - छ. ग. जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन, रायपुर

Back to top button