बिलासपुर में बर्ड फ्लू का अलर्ट, सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी; पोल्ट्री पर सख्ती बढ़ी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलासपुर के सरकण्डा क्षेत्र में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। 5 हजार मुर्गियों की मौत की सूचना के बाद पशुधन विभाग ने जिले में एहतियाती कदम उठाते हुए निगरानी और रोकथाम तेज कर दी है।

उप संचालक पशुधन डॉ. महेंद्र पाण्डेय ने जिले में अलर्ट जारी करते हुए संदिग्ध बीमार मुर्गा-मुर्गियों के परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सीमावर्ती क्षेत्रों टिमरलगा, कनकबीरा, डोंगरीपाली और सलिहा में पशु चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन क्षेत्रों में नाकाबंदी कर जांच की जा रही है।

पोल्ट्री फार्म पर सख्त निर्देश
पोल्ट्री फार्म वर्करों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह के संदिग्ध मामले की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पशु चिकित्सा विभाग को दी जाए।

चिकन खाने को लेकर सावधानी की सलाह
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि बीमार या मृत पक्षियों का सेवन न करें। साथ ही पोल्ट्री फार्म के आसपास रहने से बचने को कहा गया है। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार अच्छी तरह पका हुआ मांस (उचित तापमान पर पकाकर) सुरक्षित हो सकता है।

बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बढ़ी
अधिकारियों ने कहा है कि बर्ड फ्लू एक गंभीर बीमारी है, जिससे सतर्कता बेहद जरूरी है। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Back to top button