
बांग्लादेश में बस नदी में गिरी, 23 की मौत, कई लापता; 11 ने तैरकर बचाई जान
बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में गुरुवार को एक भयंकर हादसा हुआ। यात्रियों से भरी बस पद्मा नदी में गिर गई, जिसमें अब तक 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में 11 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई।
कैसे हुआ हादसा?
हादसा दौलतदिया टर्मिनल के पास हुआ। बस में लगभग 40 लोग सवार थे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। बस ईद की छुट्टियां मनाकर ढाका लौट रही थी। नदी पार करने के लिए बस को नाव पर चढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था, इसी दौरान ड्राइवर की लापरवाही के कारण बस संतुलन खो बैठी और सीधे नदी में गिर गई।
बस में सवार कई यात्री एक ही परिवार के थे। कुछ लोग नाव पर खड़े थे और सुरक्षित रहे, लेकिन जिनका वाहन नदी में गिरा, उनका कोई सुराग नहीं है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
राहत और बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। कठिन मौसम और मुश्किल हालात के बावजूद करीब छह घंटे की मेहनत के बाद क्रेन की मदद से बस को नदी से बाहर निकाला गया। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
सरकार ने जांच के आदेश दिए
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने घटना की जानकारी ली और जांच के आदेश दिए। उन्होंने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
