नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने कैब सेवा देने वाली कंपनी ओला का संचालन करने वाली ANI Technologies Private Limited पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने राइड पूरी होने से पहले यात्रियों से अतिरिक्त भुगतान मांगने वाले ‘टिप’ या ‘ऐड-ऑन’ फीचर को अनुचित व्यापार व्यवहार और डार्क पैटर्न माना है।
जल्दी कैब मिलने का संकेत देकर मांगा जाता था अतिरिक्त भुगतान
CCPA के मुताबिक, ओला ऐप में ड्राइवर की तलाश के दौरान यात्रियों को ऐसे संदेश दिखाए जाते थे जिनमें अतिरिक्त टिप देने से जल्दी राइड मिलने की संभावना बढ़ने का संकेत मिलता था। कंपनी ने बाद में ‘टिप’ फीचर का नाम बदलकर ‘ऐड-ऑन’ कर दिया, लेकिन प्राधिकरण ने पाया कि भुगतान मांगने की मूल व्यवस्था में बदलाव नहीं हुआ।
राइड पूरी होने के बाद ही टिप का प्रावधान
प्राधिकरण ने कहा कि टिप सामान्य तौर पर सेवा मिलने के बाद स्वेच्छा से दी जाने वाली राशि होती है। यात्रा पूरी होने से पहले इसकी मांग करना उपभोक्ता को भ्रमित कर सकता है। प्राधिकरण ने यह भी उल्लेख किया कि मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 के तहत टिप की सुविधा यात्रा पूरी होने के बाद ही दी जा सकती है।
फीचर तत्काल बंद करने का निर्देश
CCPA ने ओला को निर्देश दिया है कि वह तय किराये से अधिक किसी भी नाम—टिप, ऐड-ऑन या अतिरिक्त किराया—से भुगतान मांगने वाले प्री-राइड संदेश, सुझाई गई रकम और ऐप इंटरफेस को तत्काल बंद करे। कंपनी को 10 लाख रुपये का जुर्माना भी जमा करना होगा।
प्राधिकरण ने बताया कि इसी तरह की व्यवस्था को लेकर अन्य कैब एग्रीगेटर कंपनियों पर भी कार्रवाई की गई है। रैपिडो पर पहले 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, जबकि उबर और नम्मा यात्री के मामलों की जांच जारी है। उपभोक्ता राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1915 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।