
रायगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी “श्री रामलला दर्शन योजना” के तहत आज रायगढ़ जिले से 112 श्रद्धालुओं का 11वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। यह जत्था बिलासपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा श्रीराम जन्मभूमि, अयोध्या के पावन धाम की यात्रा पर निकला।
इस यात्रा दल में जिले के शहरी क्षेत्रों से 30 एवं ग्रामीण अंचलों से 82 श्रद्धालु शामिल हैं। प्रशासन द्वारा यात्रियों की संपूर्ण तैयारियों—स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन, आवास और आवागमन—की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा और सहयोग के लिए अधिकारियों की एक टीम भी जत्थे के साथ रवाना हुई।
रायगढ़ से विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और गहरी आस्था का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित और सफल दर्शन की कामना की।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री की इस योजना ने उन्हें श्री रामलला के दर्शन का वह अवसर प्रदान किया है, जिसका सपना वे वर्षों से देख रहे थे।
एक भावुक तीर्थयात्री ने कहा — “बचपन से रामायण में रामजन्मभूमि की कथा सुनते आए हैं, लेकिन अब पहली बार उस पवित्र धरती पर जाने का सौभाग्य मिल रहा है। आंखों में आंसू हैं, पर दिल में अपार आनंद है।”
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल से श्रद्धालुओं में धार्मिक जागृति और भक्ति का नया संचार हुआ है। अयोध्या यात्रा के लिए रवाना हुए श्रद्धालु अब “जय श्री राम” के जयघोष के साथ भक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत होकर अपनी जीवन की अविस्मरणीय यात्रा पर निकल चुके हैं।



