
रायगढ़ (छ.ग.)। थाना तमनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोघरा (धौराभांठा) में जिंदल पावर लिमिटेड तमनार द्वारा प्रस्तावित कोल ब्लॉक स्थापना एवं खनन परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। इस संबंध में प्रभावित ग्रामों के ग्रामीणों ने थाना प्रभारी तमनार को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि 27 दिसंबर 2025 को सीएसपी चौक में प्रस्तावित जनसुनवाई प्रक्रिया नियमों के विपरीत कराई गई। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन द्वारा 08 जनवरी 2025 को ग्राम घोघरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में जनसुनवाई आयोजित करने की अनुमति दी गई थी, जिसकी सूचना संबंधित ग्रामों को दी गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्धारित तिथि को सुबह से ही वे जनसुनवाई स्थल पर उपस्थित रहे, लेकिन सुबह 11 बजे तक न तो जिंदल प्रबंधन, न ही राजस्व विभाग या अन्य सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके पश्चात करीब 11:15 बजे बिना ग्रामीणों को सुनवाई का अवसर दिए कथित रूप से जनसुनवाई की कार्यवाही पूरी कर ली गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय और नियमविरुद्ध तरीके से संपन्न की गई, जिससे प्रभावित क्षेत्र के लोगों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिला। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।










