
नाग पंचमी 2022 : नाग पंचमी पर मंगला गौरी का व्रत भी, नाग पूजन से खत्म होता है सांपों का डर
नाग देवता की विशेष पूजा-अर्चना के लिए सावन शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर नाग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। नाग पंचमी मंगलवार को मनाई जाएगी। हिंदू धर्म में नाग पंचमी का विशेष महत्व होता है।
आचार्य भृगुनंदन शुक्ल के अनुसार इस बार नाग पंचमी पर मंगला गौरी का व्रत रखने के अलावा दो शुभ योग शिव और सिद्धि योग भी है। इन दोनों योगों में पूजा करने से भगवान शिव और नाग देवता की असीम कृपा होगी।
जातक की सभी मनोकामनाएं पूरी होंगी। पौराणिक काल से सांपों को देवताओं की तरह पूजा जाता है। मान्यता है कि नाग की पूजा करने से सांपों के डसने का भय समाप्त हो जाता है।
भगवान भोलेनाथ के गले में भी नाग देवता लिपटे रहते हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार नाग पंचमी के दिन नाग देवता की आराधना करने से भक्तों को उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। नाग पंचमी के दिन नाग देवता के साथ-साथ भगवान शिव और माता पार्वती की भी पूजा की जाती है।