CGPSC 2025 मेंस का रिजल्ट जारी, 265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थी इंटरव्यू में होंगे शामिल
6 से 9 जून तक हुई थी मुख्य परीक्षा, 21 सितंबर से इंटरव्यू शुरू होने की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य शासन के विभिन्न विभागों में 265 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
3,921 अभ्यर्थियों ने दी थी मेंस परीक्षा
राज्य सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 3,921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा का आयोजन 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को किया गया।
अब वर्गवार एवं उपवर्गवार न्यूनतम अर्हकारी अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों में से 608 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है।
21 सितंबर से इंटरव्यू की संभावना
CGPSC के अनुसार, राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के लिए इंटरव्यू 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। इंटरव्यू के लिए चयनित सभी अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इंटरव्यू की अंतिम तारीख, विस्तृत कार्यक्रम और जरूरी दिशा-निर्देश आयोग की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे।
265 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के 265 पद शामिल हैं। मुख्य परीक्षा के बाद 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू में पहुंचने से अब चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में प्रवेश कर गई है।
नोट: 608 अभ्यर्थियों की सूची आयोग के परिणाम के साथ जारी की गई है। उम्मीदवार अपना नाम/रोल नंबर आधिकारिक परिणाम सूची में देख सकते हैं।












