
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ होने जा रहा है। इस सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं और 12 से अधिक विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि इस दौरान धर्मांतरण से संबंधित विधेयक भी सदन में प्रस्तुत किया जा सकता है।
24 फरवरी को पेश होगा बजट
प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने सत्र की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि 23 फरवरी से बजट सत्र की शुरुआत होगी, जबकि 24 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण विधेयक को लेकर भी चर्चा चल रही है और संभव है कि इसे भी सदन में लाया जाए।
धर्मांतरण विधेयक की चर्चा क्यों?
प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में धर्मांतरण के मामलों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। बस्तर, जशपुर और रायगढ़ सहित अन्य जिलों में धर्म परिवर्तन के मामलों को लेकर सामाजिक और राजनीतिक बहस तेज हुई है। इसके अलावा दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर में भी इस विषय को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।
वर्तमान में प्रदेश में धर्मांतरण प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट और सख्त वैधानिक प्रावधानों की आवश्यकता पर चर्चा हो रही है, जिसके मद्देनजर यह विधेयक लाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल रामेन डेका विधानसभा को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी।
इससे पूर्व 22 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। राजनीतिक दृष्टि से यह बजट सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सरकार कई अहम विधेयक और नीतिगत निर्णय सदन में रख सकती है।




