
छत्तीसगढ़ टूरिज्म की बड़ी पहल : 45 युवा बने प्रशिक्षित गाइड, आईआईटीटीएम ग्वालियर में पूरा किया प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के सहयोग से भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (IITTM) ग्वालियर में 45 युवाओं ने गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये युवा राज्य की पर्यटन छवि को नई दिशा देंगे।
3 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक चले इस एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकांश प्रशिक्षणार्थी बस्तर क्षेत्र से थे। उन्हें पर्यटक मार्गदर्शन, संप्रेषण कौशल, सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन प्रबंधन सहित कई विषयों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को फील्ड विज़िट और व्यवहारिक अनुभव भी कराए गए, ताकि वे छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकें।
प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम में आईआईटीटीएम के डायरेक्टर डॉ. आलोक शर्मा, संस्थान के प्रोफेसर्स और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया और राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यटन क्षेत्र में कौशलयुक्त युवा तैयार होंगे।


