क्राइमछत्तीसगढ़देश विदेश

अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में गूंजा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का गौरव, नाचा ने विदेशों में मनाया जनजातीय गौरव दिवस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवगाथा को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत करते हुए नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) ने अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों में भागीदारी निभाई। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर हुए इन कार्यक्रमों में भारतीय राजनयिक मिशनों और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों का सहयोग रहा।

1 से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े के दौरान विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ी समुदाय ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों, जनजातीय विरासत और लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया।

शिकागो में विभिन्न राज्यों के संगठनों की भागीदारी

अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें भारत के अलग-अलग राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने हिस्सा लिया। भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने जनजातीय समुदायों के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया।

आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी नाचा के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को दी गई थी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों के संगठन एक मंच पर आए। नाचा के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका पर बात रखते हुए शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद किया।

दीपाली सरावगी का किया गया अभिनंदन

शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार के ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी और समारोह में उनका अभिनंदन किया। दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस और बलिदान को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

टोरंटो में बिलासपुर के पंकज अग्रवाल ने संभाला समन्वय

कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से नाचा और भारतीय सामुदायिक संगठनों ने जनजातीय गौरव दिवस मनाया। भारतीय महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस आयोजन में मूल रूप से बिलासपुर निवासी और नाचा कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने समन्वय की भूमिका निभाई। वे वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष भी हैं। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के जरिए भारत की विविध जनजातीय परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। कलाकारों और प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

पंकज अग्रवाल ने कहा कि विदेशों में रहकर अपने प्रदेश के जनजातीय नायकों और उनकी विरासत को प्रस्तुत करना छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और इतिहास से जोड़ते हैं।

लंदन के नेहरू सेंटर में दिखाई दी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के नेहरू सेंटर में ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें नाचा यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को प्रस्तुत किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और छत्तीसगढ़, झारखंड तथा मध्यप्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हुए इस आयोजन में जनजातीय इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष और लोककलाओं को प्रमुखता दी गई।

नाचा यूके के अरविंद साहू, पियाली और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने भारतीय उच्चायोग तथा सामुदायिक प्रतिनिधियों के सहयोग से कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।

ह्यूस्टन में भी जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

अमेरिका के टेक्सास स्थित ह्यूस्टन में भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को साथ लेकर आयोजन किया गया। नाचा के प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को प्रस्तुत किया।

विदेशों में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा

नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में बसे छत्तीसगढ़ी समुदाय के प्रतिनिधियों का भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नाचा विदेशों में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करने और नई पीढ़ी को प्रदेश के इतिहास, संस्कृति तथा जननायकों के योगदान से परिचित कराने के लिए काम करता है।

शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में हुए आयोजनों के जरिए छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, लोककला और स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button