गोंड समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन में पहुँचे मुख्यमंत्री साय, किया पारंपरिक स्वागत

राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित गोंडवाना भवन में आयोजित गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को शिरकत की। पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने भगवान बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गोंड समाज की सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की।

दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का किया विमोचन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम द्वारा लिखित पुस्तकों—
“आदिवासी ऐतिहासिक निरंतरता से वर्तमान चुनौतियों तक” और
“विरासत का सम्मान : वैश्विक दृष्टिकोण पर सवाल”
का विमोचन भी किया।

गोंड समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि गोंड समाज का इतिहास अत्यंत प्राचीन और समृद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समुदाय के हितों के प्रति संवेदनशील हैं, जिसका प्रमाण सर्वोच्च पद पर जनजातीय समाज की गौरवपूर्ण मौजूदगी है।

उन्होंने बताया कि पीएम जनमन और प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास की दिशा में क्रांतिकारी कदम हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए भी अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।

नया रायपुर के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण करने का आग्रह

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय नायकों के इतिहास और योगदान को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नया रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय अवश्य देखने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस, आदिवासी समाज की परंपराओं और वीरता को सम्मान देने का प्रतीक है।

सामाजिक एकता को बढ़ाते हैं ऐसे आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन समाज को जोड़ने, परंपराओं को समझने और संवाद को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने आयोजकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

विकास मरकाम ने रखे ऐतिहासिक पहलुओं पर विचार

विकास मरकाम ने गोंड समाज की ऐतिहासिक समृद्धि, वीरता और सामाजिक संरचना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोंड राजाओं ने शासन और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य की डबल-इंजन सरकार जनजातीय समाज के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में समुदाय तक पहुँच रहा है।

समाज के अनेक गणमान्य उपस्थित

कार्यक्रम में गोंड समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष जग्गू सिंह, उपाध्यक्ष किशोर ध्रुव, सेवाराम ध्रुव, हरि सिंह ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी और समाजजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button