
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रायपुर में एक पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर सीएम भूपेश बघेल व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। डॉ. रमन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट में एक के बाद एक दो ट्वीट किए हैं। उन्होंने सख्त लहजे में लिखा है कि मीडिया का दमन करने वाली यह कायर कांग्रेस सरकार सुन ले। भाजपा पत्रकारों के साथ खड़ी है, उन पर हुए हर जुल्म की लड़ाई कंधे से कंधे मिलाकर लड़ेंगे। लोकतंत्र, संविधान की रक्षा और अभिव्यक्ति की आज़ादी के लिए हर जरूरी कदम हम उठाएंगे। पत्रकार साथियों डरने की जरूरत नहीं है।
डॉ. रमन सिंह ने दूसरे ट्वीट में राहुल गांधी को ट्वीट करते हुए लिखा कि @RahulGandhi जी यही चरित्र है कांग्रेस का! जो इमरजेंसी में मीडिया का गला घोंटने का काम करते थे, अब वही छत्तीसगढ़ में कर रहे हो। @bhupeshbaghel क्या इतने डरपोक हैं कि उन्हें अब कलम से डर लगता है। पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने का वादा करने वाले पत्रकारों को ही निशाना बना रहे हैं। डॉ. रमन सिंह प्रदेश की भूपेश सरकार पर ट्विटर के जरिए लगातार हमला बोल रहे हैं। इससे पहले डॉ. रमन सिंह ने मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा कोरबा में कलेक्टर को भ्रष्टाचार में लिप्त कहने व राहुल गांधी द्वारा छत्तीसगढ़ के हर जिले में फूड पार्क होने के बयान पर हमला बोला था।
बता दें कि रायपुर पुलिस ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ कथित रूप से फेक न्यूज फैलाने के आरोप में एक वेब जर्नलिस्ट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पत्रकार और राजनीतिक व्यंग्यकार नीलेश शर्मा के खिलाफ 2 मार्च 2022 को सिविल लाइंस थाना में एफआईआर दर्ज की गई और 3 मार्च को उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उनके खिलाफ कांग्रेसी नेता खिलावन निषाद ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। खिलावन ने अपनी शिकायत में कहा कि ‘इंडिया राइटर्स’ नाम का न्यूज पोर्टल कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचाने राज्य में फेक न्यूज फैला रहा है। वेब पोर्टल पर ‘घुरवा के माटी’ नाम से एक कॉलम प्रकाशित होता है।