अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच जिले में एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा, आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव के असर को देखते हुए बिलासपुर जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों के साथ बैठक कर जिले में गैस की उपलब्धता और वितरण प्रणाली की स्थिति का विस्तृत अध्ययन किया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि घरेलू गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता नहीं करने की आवश्यकता है।
कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोकी
बैठक में अंतरराष्ट्रीय हालात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने होटल, उद्योग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया। वहीं, आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल और स्कूलों को उनके जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि दैनिक कार्य प्रभावित न हों।
घरेलू एलपीजी का दुरुपयोग रोकने के सख्त निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी तरह से व्यावसायिक उपयोग न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया की निगरानी एजेंसी संचालक स्वयं करें और किसी भी अनियमितता, जैसे ब्लैक मार्केटिंग या अनधिकृत वितरण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ता जुड़े
बिलासपुर जिले में लगभग 4.80 लाख घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। जिले में गैस की आपूर्ति तीन ऑयल कंपनियों के 38 वितरकों के माध्यम से की जाती है, जिनमें से 22 वितरक बिलासपुर शहर में संचालित हैं। जिले में प्रतिदिन लगभग 5 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी हो रही है और यह आपूर्ति पिछले कई दिनों से समान गति से जारी है।
गैस बुकिंग अवधि में बदलाव
प्रशासन ने सिलेंडर बुकिंग की अवधि में भी बदलाव किया है। पहले उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, अब यह अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।
कलेक्टर की अपील: अफवाहों पर ध्यान न दें
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की कि गैस को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


