कड़ी सुरक्षा में सीजी बोर्ड परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण, 88 केंद्राध्यक्षों को दिया गया प्रशिक्षण


जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण समन्वय केंद्र स्टेट स्कूल से केंद्राध्यक्षों को किया गया।

गोपनीय प्रश्नपत्र एवं अन्य सामग्री पुलिस अभिरक्षा में संबंधित थानों में सुरक्षित रखी गई है। परीक्षा के दिन यह सामग्री केंद्राध्यक्षों द्वारा परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व थाना से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाई जाएगी। वितरण के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई थी, जिनसे केंद्राध्यक्ष स्टेट स्कूल पहुंचे। सामग्री वितरण के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) प्रवास कुमार बघेल ने पुलिस सुरक्षा में बसों को संबंधित थानों के लिए रवाना किया।

88 केंद्राध्यक्षों को दिया गया प्रशिक्षण

प्रदेश स्तर से जारी गाइडलाइन के बाद जिला समन्वयक एवं स्टेट स्कूल के प्राचार्य माधो सिंह ने 88 केंद्राध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, परीक्षा संचालन में सावधानी बरतने और मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान सतर्कता के निर्देश दिए गए।

परीक्षा तिथियां और समय

कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक चलेगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी।

विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रश्नपत्र हल करने की प्रक्रिया 9:15 बजे से शुरू होगी। केंद्राध्यक्षों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं।

पहले दिन के विषय

12वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत 20 फरवरी को भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय से होगी। वहीं 10वीं बोर्ड की परीक्षा 21 फरवरी को हिंदी विषय से प्रारंभ होगी।

परीक्षार्थियों की संख्या और निगरानी व्यवस्था

परीक्षा सत्र 2026 में कक्षा 10वीं में कुल 10,096 परीक्षार्थी तथा कक्षा 12वीं में 8,015 परीक्षार्थी शामिल होंगे। नकल रोकने के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button