
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस का बड़ा एक्शन
भुवनेश्वर। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस ने ओडिशा में अनुशासनहीनता दिखाने वाले विधायकों पर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने तीन विधायकों को निलंबित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्दलीय उम्मीदवार को दिया समर्थन
कांग्रेस ने जिन विधायकों को निलंबित किया है, उनमें रमेश चंद्र जेना, दसरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस शामिल हैं। इन विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक रुख के खिलाफ जाकर निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे के पक्ष में मतदान किया।
सदस्यता रद्द कराने की तैयारी
कांग्रेस अब इन विधायकों की विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने की दिशा में भी कदम उठा रही है। पार्टी जल्द ही विधानसभा अध्यक्ष को नोटिस भेजकर संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत कार्रवाई की मांग करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने इसे पार्टी के साथ सीधी गद्दारी बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
बीजेडी को भी लगा झटका
राज्यसभा चुनाव में बीजू जनता दल (बीजेडी) को भी क्रॉस वोटिंग का नुकसान उठाना पड़ा। उसके आठ विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया, जिससे उसके उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने इस सीट पर बीजेडी उम्मीदवार का समर्थन किया था, लेकिन इसके बावजूद परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा।
अन्य राज्यों में भी जांच शुरू
कांग्रेस अब इस मामले की जांच अन्य राज्यों में भी कर रही है। हरियाणा और बिहार में भी क्रॉस वोटिंग के संकेत मिलने के बाद पार्टी ने वहां के विधायकों के मतदान पैटर्न की समीक्षा शुरू कर दी है। जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
