
किरोड़ीमल नगर में कांग्रेस की पकड़ मजबूत, भाजपा में गहराई निराशा
भाजपा की आंतरिक खींचतान और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से कांग्रेस को मिल रहा फायदा
किरोड़ीमल नगर में नगर पंचायत चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनता दिख रहा है। पिछले एक वर्ष में भाजपा के नेतृत्व वाली नगर पंचायत विकास कार्यों में विफल रही है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ा है। भाजपा पर पार्षदों की खरीद-फरोख्त के आरोप और दलबदल की राजनीति ने स्थिति और भी जटिल कर दी है। इसके अलावा, पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर कांग्रेस से आए नेताओं को टिकट देने से भाजपा के भीतर नाराजगी का माहौल है।
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हरिकिशोर चंद्रा को घर-घर जनसंपर्क अभियान के दौरान जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। गौरतलब है कि एक वर्ष पूर्व भाजपा ने पार्षदों की खरीद-फरोख्त के जरिए हरिकिशोर चंद्रा को अध्यक्ष पद से हटाया था, जिससे जनता में भाजपा के प्रति नाराजगी और कांग्रेस प्रत्याशी के प्रति सहानुभूति देखी जा रही है।
ट्रिपल इंजन सरकार के बावजूद भाजपा नगर में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं करा सकी है, जिससे उसकी स्थिति कमजोर होती जा रही है। इन सब परिस्थितियों के बीच किरोड़ीमल नगर में कांग्रेस के सत्ता में लौटने के संकेत स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं।