
राजधानी रायपुर। 75वें संविधान दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के टाउन हॉल में आयोजित “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा संविधान पर निर्मित लघु फिल्म भी देखी। इस विशेष अवसर को जनता से जोड़ने के लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ स्मृति स्वरूप सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो संविधान में आस्था और संवैधानिक मूल्यों के मार्गदर्शन में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने विचार स्वतंत्रतापूर्वक व्यक्त करने का अधिकार प्रदान करता है।
साय ने यह भी उल्लेख किया कि आम नागरिकों का विधायक, सांसद और प्रमुख संवैधानिक पदों तक पहुंचना भारत के संविधान की उदार और समावेशी व्यवस्था का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्मात्री सभा के सभी सदस्यों के योगदान को नमन करते हुए विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों की ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की लोकतांत्रिक समझ, दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण में योगदान आज भी प्रेरणादायक है।














