
देश में फिर बढ़ रहे कोरोना के मामले: महाराष्ट्र हॉटस्पॉट, JN.1 वेरिएंट पर नजर
भारत में कोरोना संक्रमण एक बार फिर धीरे-धीरे पांव पसार रहा है। 24 मई सुबह 6 बजे तक देश में कुल 312 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। भले ही यह संख्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम हो, लेकिन सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। अब तक कोरोना से दो लोगों की मौत की पुष्टि भी हो चुकी है।
ताज़ा मामले और राज्यवार स्थिति:
23 मई को देशभर में 29 नए केस सामने आए।
गुजरात में अहमदाबाद से 20 नए मामले, उत्तर प्रदेश में 4 और हरियाणा में 5 केस मिले हैं।
बेंगलुरु में 9 महीने का एक बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
दिल्ली की तैयारी: दिल्ली सरकार ने 23 मई को हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। सभी अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों और वैक्सीन की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पॉजिटिव मरीजों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए LNJP अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
गुजरात और यूपी में स्थिति: गुजरात में अब तक कुल 40 केस दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 33 सक्रिय हैं। यूपी के गाजियाबाद में मिले 4 नए मरीजों में तीन को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
हरियाणा में नए संक्रमण: पिछले 48 घंटे में राज्य में 5 नए केस सामने आए हैं, जिनमें दो महिलाएं और एक बुजुर्ग शामिल हैं। कुछ संक्रमित हाल ही में मुंबई से लौटे हैं।
महाराष्ट्र बना हॉटस्पॉट: मुंबई में कोरोना के सबसे अधिक सक्रिय मामले पाए गए हैं। जनवरी 2025 से अब तक राज्य में 132 केस दर्ज हो चुके हैं। कई घरों में सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे लक्षण देखे गए हैं, लेकिन लोग जांच कराने से बच रहे हैं।
अन्य राज्यों में भी सतर्कता जरूरी:
केरल में अब तक 182 मामले
ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 1-1 नए मामले
JN.1 वेरिएंट: क्या है खतरा? यह वेरिएंट ओमिक्रोन का सब-वेरिएंट है, जिसे “पिरोला” भी कहा जाता है। इसमें करीब 30 म्यूटेशन हैं, जो इसे तेजी से फैलने वाला बनाते हैं। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं।
लक्षण: सर्दी-खांसी, सिरदर्द, आंखों में जलन, बुखार, नाक बहना, गले में खराश। गंभीरता कम लेकिन फैलाव तेज।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह :
मास्क पहनें
बार-बार हाथ धोएं या सैनिटाइज़र का प्रयोग करें
भीड़-भाड़ से बचें
वैक्सीनेशन और बूस्टर डोज लें
देशभर में अलर्ट के बीच सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।